कानून व्यवस्ता बनाए रखने के लिए एसपी का एक्शन, बलवा ड्रिल में सिखाए दंगा नियंत्रण करने के गुण

 त्यौहारों पर पुलिस बल को संयम, सतर्कता और रणनीतिक तरीके से काम करने के निर्देश,

कासगंज। आगामी त्योहारों और शोभा यात्राओं को देखते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में Kasganj के पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिस लाइन में व्यापक स्तर पर बलवा ड्रिल का आयोजन कर दंगा नियंत्रण के गुर सिखाए।

इस दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसपी ओपी सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि दंगे की स्थिति में पुलिस का उद्देश्य किसी की जान लेना नहीं, बल्कि अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करना होता है। उन्होंने पुलिस बल को संयम, सतर्कता और रणनीतिक तरीके से काम करने के निर्देश दिए।

ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी राइट गन, टीयर गैस गन सहित विभिन्न दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उपकरणों के सही इस्तेमाल, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। एसपी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में उपकरणों का कुशल संचालन बेहद जरूरी है, जिससे हालात को समय रहते काबू में किया जा सके।

उन्होंने त्योहारों और शोभा यात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन और अन्य शाखाओं के प्रभारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के नियमित अभ्यास से बल की तैयारियों को मजबूती मिलती है और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *