डीयू में डिबेट क्रांति 5.0’ में युवा प्रतिभाओं का दम, 40 टीमों ने लिया हिस्सा

दिल्ली: शहीद भगत सिंह महाविद्यालय (प्रातः) में 22 और 23 मार्च को सर्वज्ञ: हिंदी वाद–विवाद समिति द्वारा आयोजित द्विदिवसीय अंतर-महाविद्यालय संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘क्रांति 5.0’ का सफल आयोजन किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से आए कुल 40 दलों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने तर्क कौशल, अभिव्यक्ति और बौद्धिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री के मार्गदर्शन, सांस्कृतिक संयोजिका नेहा नैनवाल के सहयोग तथा समिति समन्वयक डॉ. अमोल नेरकर और डॉ. राजीव उपाध्याय के संरक्षण में संपन्न हुआ, जबकि संचालन प्रिंस कुमार ने किया। प्रतियोगिता में हंसराज महाविद्यालय के सारांश मिश्रा और रोनित कुमार विजेता रहे, वहीं ताशु जैन और खुशबू उपविजेता घोषित हुए। इसके साथ ही महिला प्रशिक्षु अधिनिर्णायक प्रतियोगिता में 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें हिंदू महाविद्यालय की रेजा शर्मा विजेता और श्री गुरु नानक देव खालसा महाविद्यालय की प्रशस्ति उपविजेता रहीं।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली डिबेटिंग सर्किट के अनुभवी निर्णायकों की उपस्थिति ने आयोजन की गुणवत्ता को और सशक्त बनाया। समापन अवसर पर सभी अधिनिर्णायकों को ‘रामचरितमानस’ भेंट कर सम्मानित किया गया।