
नई दिल्ली: इज़रायल-ईरान-अमेरिका के बीच जारी टकराव से मिडिल ईस्ट में बढ़ती अस्थिरता के बीच दक्षिण एशिया में भी तनाव के संकेत मिल रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भारत कोई ‘फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन’ करता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत के रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने हाल ही में पड़ोसी देशों को चेतावनी दी थी कि भारत के खिलाफ किसी भी तरह के दुस्साहस का जवाब “अभूतपूर्व और निर्णायक” होगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल में आयोजित एक सैनिक सम्मान समारोह के दौरान कहा था कि मौजूदा हालात में पड़ोसी देश किसी भी तरह का दुस्साहस कर सकते हैं, लेकिन भारत हर स्थिति के लिए तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है” और भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है।
उन्होंने कहा कि उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा हमले के बाद एयर स्ट्राइक और पहलगाम घटना के बाद किए गए ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम भारत की सख्त नीति को दर्शाते हैं। “जरूरत पड़ी तो भारत सरहद के उस पार भी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा,” उन्होंने कहा।
इस बयान के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत की इस तरह की बयानबाज़ी उसकी “रणनीतिक चिंता” को दिखाती है और यह एक तय पैटर्न का हिस्सा है।
ख्वाजा आसिफ ने यह भी कहा कि दो परमाणु संपन्न देशों के बीच युद्ध की कोई गुंजाइश नहीं होती और इसके परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं।