दस्तावेजों में रिंकी सरमा पर कई देशों में नागरिकता, संपत्ति छिपाने के आरोप; पवन के घर पहुंची असम पुलिस

नई दिल्ली/गुवाहाटी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज FIR के बाद असम पुलिस की टीम सोमवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची, लेकिन वे वहां मौजूद नहीं मिले। अधिकारियों के अनुसार, नियमों के तहत दिल्ली पुलिस को पहले ही सूचित किया गया था और स्थानीय पुलिस टीम असम से आए अधिकारियों की कार्रवाई में सहयोग कर रही है। ताज़ा अपडेट के मुताबिक, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि पवन खेड़ा दिल्ली से हैदराबाद रवाना हो गए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए। खेड़ा ने दावा किया कि उनके पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ व बारबुडा के पासपोर्ट हैं और विदेशों में बड़ी संपत्तियां भी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी रजिस्टर्ड है, जिसका बजट अरबों डॉलर में है, और इन जानकारियों का उल्लेख चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया।
इन आरोपों पर पलटवार करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने इन्हें “दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित” बताया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है और वे व उनकी पत्नी 48 घंटे के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। वहीं, शिकायत के आधार पर असम में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कहा, “जब आप किसी चुनाव के नतीजे या आउटकम को प्रभावित करने के लिए इन आरोपों का इस्तेमाल फ़र्ज़ी डॉक्यूमेंट्स के साथ करते हैं, तो उस पर ज़्यादा सज़ा का प्रोविज़न लगता है और उसकी सज़ा उम्रक़ैद है.”
फिलहाल, पवन खेड़ा का लोकेशन स्पष्ट नहीं है और पुलिस की तलाश जारी है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है, जहां एक ओर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, वहीं दूसरी ओर इस मामले के कानूनी पहलुओं पर भी सबकी नजर बनी हुई है।
पवन खेड़ा के प्रेस कॉंफ्रेंस में दावे
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपने दावों के समर्थन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ दस्तावेज़ प्रस्तुत किए, जिनके बारे में उन्होंने कहा कि ये उन्हें विदेश में मौजूद उनके सहयोगियों से प्राप्त हुए हैं। खेड़ा का आरोप है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी सरमा के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ व बारबुडा के वैध पासपोर्ट हैं, जो नागरिकता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
खेड़ा ने आगे दावा किया कि रिनिकी सरमा के दुबई में कई संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में उनके नाम पर एक कंपनी रजिस्टर्ड है, जिसका कथित बजट 34.67 बिलियन अमेरिकी डॉलर बताया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी भविष्य में होटल इंडस्ट्री में निवेश की योजना बना रही है, जिससे इस पूरे मामले का आर्थिक पहलू भी सामने आता है।
इसके साथ ही खेड़ा ने मुख्यमंत्री द्वारा भारतीय चुनावी कानूनों के पालन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इन कथित विदेशी संपत्तियों और व्यावसायिक हितों का उल्लेख चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया, जो नियमों का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल खड़ा किया कि क्या रिनिकी सरमा के पास भारतीय नागरिकता है, क्योंकि भारत में दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं है, जिससे यह मामला और अधिक गंभीर बन जाता है।
वहीं असम सीएम की पत्नी ने भी कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा पर पलटवार किया है. उन्होने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता को ये

बयान भारी पड़ेगा. यह बेहद गैरजिम्मेदाराना बयान है. हम इसके लिए कोर्ट तक जाएंगे.
आपको बता दें कि रिनकी के ऊपर पहले भी कई कांग्रेस नेता आरोप लगा चुके हैं लेकिन चुनाव से ठीक चार दिन पहले रिनिकी पर लगे इन आरोपों ने तमाम मुद्दों को पीछे छोड़ते हुए इस मामले को गर्मा दिया है. हालांकि सीएम हिमंत सरमा ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है. इस मामले में उनकी पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ कराई जिसके बाद पवन खेड़ा के घर छापेमारी की गई.