श्रद्धांजलि देने फर्रूखाबाद पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कहा – कांग्रेस पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ

दारोगा भर्ती और महिला हेल्पलाइन पर बोलने वालों को जेल! कब तक चलेगा यह दमन? – अजय राय

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को जनपद पहुंचे और यहां कांग्रेस कार्यकर्ता शुभम तिवारी के आवास पर उनकी माता के निधन पर शोक सभा में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा और महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था तथा गौ-रक्षा जैसे मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा।अजय राय ने कहा कि प्रदेश में हालात बेहद खराब हैं। जब कर्मचारी अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े जाते हैं। सरकार नौजवानों का भविष्य खराब कर रही है और विरोध करने वालों पर कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार आवाज उठाने वालों को दबाने का काम कर रही है।दारोगा भर्ती को लेकर राजनाथ सिंह से बात करने पहुंचे लोगों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की निंदा करते हुए अजय राय ने कहा कि सरकार शिकायतें नहीं सुनना चाहती। महंगाई पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजें, पेट्रोल-डीजल, गैस महंगी हो गई हैं। लोग बच्चों की स्कूल फीस, किताबें और कॉपियां तक जमा नहीं कर पा रहे। मनमानी करने वाले निजी स्कूल भाजपा के साथ खड़े हैं।

महिला हेल्पलाइन से जुड़ी महिलाओं की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार हर उस व्यक्ति को दबाने की कोशिश कर रही है जो अपने अधिकारों की बात करता है। शंकराचार्य के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वे उनका सम्मान करते हैं लेकिन सरकार उनके मुद्दों की अनदेखी कर रही है। गौशालाओं की बदहाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में गायों की स्थिति बेहद खराब है और प्रधानमंत्री के वाराणसी में भी गायें कुत्तों का निवाला बन रही हैं।

अजय राय ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी हर कार्यकर्ता के परिवार के साथ खड़ी है और प्रदेश के हर बूथ पर कांग्रेस का कार्यकर्ता मौजूद रहेगा। उन्होंने कहा कि सही बात करने वालों को जेल भेजा जा रहा है, लेकिन कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय राय का जोरदार स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *