सवारी बनकर लूट करने वाला गिरोह बेनकाब, चार आरोपी गिरफ्तार

गंगा एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग में दबोचे गए शातिर; तमंचा, कारतूस, चाकू, कार व लूट का सामान बरामद

उन्नाव।
उन्नाव के थाना दही पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सवारी बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, कार तथा लूट का सामान बरामद किया है।

एसएसपी जयप्रकाश सिंह व एएसपी अखिलेश सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट, सर्विलांस व थाना दही पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कार से सवारी बनाकर लोगों को बैठाते हैं और सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट करते हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चार युवक सवार मिले। पूछताछ में उनकी पहचान रोहन उर्फ अक्षत वर्मा निवासी गांधीनगर शुक्लागंज, यश शुक्ला निवासी सुभाष नगर शुक्लागंज, यश तिवारी निवासी कृष्णानगर शुक्लागंज तथा आदित्य गुप्ता उर्फ यश गुप्ता निवासी सुभाष नगर शुक्लागंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, चार मोबाइल फोन, कार तथा लूट का सामान बरामद किया।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी रोहन उर्फ अक्षत वर्मा कार चालक है, जो कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारियां बैठाता था। रास्ते में पहले से मौजूद उसके साथी यात्रियों को हथियार दिखाकर डराते और मारपीट कर नकदी व सामान लूट लेते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लेते थे।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर थाना दही में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना दही पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *