आईटीपीओ: लोक कला, शास्त्रीय नृत्य और सूफी संगीत से सजा है व्यापार मेला; 24 नवंबर को शहज़ाद अली की प्रस्तुति रहेगी खास

डिजिटल मीडिया, एक्सपोज इण्डिया :आईटीपीओ द्वारा भारत मंडपम में आयोजित किए जा रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भारी संख्या में लोगों का आना जारी है। विकास और विरासत का संगम लिए इस व्यापार मेले की तैयारियों को लेकर तो जोश रहता ही है साथ ही यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम इस व्यापार मेले को एक उत्सव के रूप में विश्व के पटल पर प्रस्तुत करते हैं।
अमर भारती ने व्यापार मेले में भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत से संबंधित कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर बात की आईटीपीओ के महाप्रबंधक विवेकानंद विवेक से खास बातचीत की। उनसे हुई खास बातचीत के अंश:
अमर भारती – विवेकानंद विवेक जी सबसे पहले इस महाआयोजन के सफलतापूर्वक किए जा रहे प्रयासों के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं।
विवेकानंद विवेक – बहुत-शुक्रिया आपका!
अमर भारती – सर, सर्वप्रथम यह जानना चाहेंगे कि इस मेले में किस तरह से आप अलग-अलग राज्यों की संस्कृति का समावेश करते हैं?
विवेकानंद विवेक – भारत कला और संस्कृतियों की अनोखी विरासतें संजोए हुए है। हमारी सोच रहती है कि अपनी इस विरासत में मिली संस्कृति को बढ़ावा देने वाले राज्यों को हम आगे बढ़ाएं। इसलिए सभी राज्यों से वार्ता की जाती है और जो बेहतरी के लिए किया जा सकता है उस पर चर्चा की जाती है। इसके बाद उनका चयन किया जाता है और उसी के मुताबिक उसकी भागीदारी सुनिश्चित की जाती है।
इस बार भी भारत की आधुनिक प्रगति के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कलाओं, लोक संगीत, नृत्य और शिल्प को भी इस मंच के जरिए प्रदर्शित किया जा रहा है।
अमर भारती – इस बार सांस्कृतिक आकर्षण क्या हैं?
विवेकानंद विवेक – इस बार खास आकर्षणों में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, गजल, कव्वाली और संगीत प्रस्तुतियां शामिल हैं। प्रसिद्ध कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को भी मंच दिया जा रहा है। 24 नवंबर का दिन बेहद खास रहने वाला है। इस दिन सूफी संगीत की परफॉर्मेंस में राजस्थान रत्न से सम्मानित शहज़ाद अली की प्रस्तुति खास रहेगी।

इसका आयोजन प्लेनरी हॉल में किया जाएगा। भारी संख्या में इस प्रस्तुति को देखने की उत्सुकता लोगों में दिख रही है। इसके अलावा महाराष्ट्र और झारखंड की सांस्कृतिक झलक भी आपको देखने को मिलेगी। विशेष तैयारियां के साथ ही कलाकारों की मेहनत भी आपको यहां नज़र आएगी।
अमर भारती- विकास और विरासत को दर्शाना विश्व पटल पर आसान नहीं होता, क्या विज़न रहा इसके पीछे?
विवेकानंद विवेक – माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का विज़न है विकास और विरासत की थीम। यहाँ मौजूद हर शख्स की पूरी कोशिश यही है कि हम इसके अनुरूप काम कर सकें। आपका सवाल सांस्कृतिक रूप से इसको दर्शाने को लेकर है तो मैं यही कहना चाहू्ंगा कि भारत के विकास और विरासत को सांस्कृतिक प्रस्तुति के ज़रिए दर्शाना वाकई एक चुनौती है लेकिन चुनौतियों को स्वीकार करना ही तो सफलता की कुंजी होता है।
हमारे प्रयास भी यही हैं कि हम भारतीय संस्कृति की जो विविधता है उसको उसके सही और सच्चे रूप में प्रस्तुत करें। यही वजह है कि अपने-अपने क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों का हमने चयन किया है और जब किसी राज्य के कलाकारों के द्वारा मंच पर उसका प्रदर्शन होता है तो लोग उसको और गहराई से समझ पाते हैं।
किसी भी राज्य या देश की संस्कृति को आपने पढ़कर जाना यह अच्छी बात है लेकिन उसे महसूस करना है तो आईटीपीओ के द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का हिस्सा जरूर बनें, ताकि आप ज्ञान के साथ ही उसको न सिर्फ स्वयंम अनुभव करें बल्कि नई पीढ़ी को भी क़रीब से जानने का मौका मुहैया करवाएं।
अमर भारती – सर, आपने जब इसको शुरू किया तबसे लेकर आजतक की आईटीपीओ की समृद्धि और आयोजनों की सफलता तक के सफ़र को आप कैसे देखते हैं?
विवेकानंद विवेक – देखिए जब किसी चीज़ की नई शुरूआत होती है तो मन में कई सवाल होते हैं। सवाल डर के नहीं बल्कि कहां से शुरूआत करें इस बात के होते हैं। भारत में इतनी विविधता है कि इसको एक मंच पर प्रस्तुत करने का चैलेंज हमेशा बना रहता है लेकिन हम भारतीयों के लिए तो ये उत्सुकता और कौतूहल का विषय होता है।

जब पहली बार मैं इसका हिस्सा बना था तब जितना उत्साह इस आयोजन को लेकर मन में था, उतना ही उत्साह आज भी हमारे में मन में बना हुआ है। भारत को एक ही जगह पर आकर समझना हो तो भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला घूमने जरूर आइये।
अमर भारती – सर, बहुत बहुत शुक्रिया हमसे बात करने के लिए और अतुल्य भारत को प्रस्तुत करती सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरती को विश्व के पटल पर पहचान दिलाने में निरंतरता बनाए रखने के लिए आपको अनेकोंनेक शुभकामनाएं।
विवेकानंद विवेक – बहुत बहुत शुक्रिया आपका।
आईटीपीओ द्वारा आयोजित इस भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में अद्भुत सांस्कृतिक झलकियों का संगम है। हर राज्य का एक विशेष दिन है। इसमें भारी संख्या लोगों आगमन इस मेले के महत्व और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों का प्रेम देखते ही बनता है।
एक नजर इन पर भी डालें
इंडोनेशिया में कार्रवाई: चीन से बांग्लादेश जा रहे जहाज से 405 टन सोडियम परक्लोरेट जब्त
यूपी पुलिस में 144 डिप्टी एसपी के तबादले, कई जिलों और कमिश्नरेट में फेरबदल