
पिहोवा, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 2 अप्रैल : परशुराम चौक स्थित श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर की और से हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा, सवा करोड़ राम नाम जाप, रामचरित मानस पाठ का भोग एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा के अवसर पर पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा की अगुवाई महंत महावीर दास और महंत बबला दास सहित अनेक संत-महात्माओं एवं गणमान्य नागरिकों ने की।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान मंदिर से मेन चौक, मेन बाजार, सरस्वती चौक, सरस्वती मंदिर, पुराना बाजार, दरगाही शाह मंदिर, ब्रह्मयोनि तीर्थ, जाहरवीर गोगा माड़ी और कैथल रोड से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष आशीष चक्रपाणि, वाइस चेयरमैन, प्रतिनिधि सुरेंद्र पप्पू ढींगरा, पार्षद दीपक महंत, पार्षद जयपाल कौशिक ने संत- महात्माओं का फूल- मालाओं से स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। शोभायात्रा के समापन के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया।
वहीं दूसरी ओर बाबा श्रवण नाथ स्कूल में स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर के महंत विश्वनाथ गिरी, मां बगलामुखी धाम धनीरामपुरा के महंत भीम पुरी, महंत भीम पुरी के सानिध्य में हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर रामचरितमानस पाठ, हवन यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें पंडित बबलू चौबे सहित अनेक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोंचारण कर हवन यज्ञ में संत महात्माओं, भारतीय शिक्षा समिति के सचिव एवं संगमेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक भूषण गौतम, प्रधानाचार्य डॉ खजान सिंह मेहला, ऋषि राम मोदगिल, पूर्व डीईओ जसबीर सिंह, कश्मीरी लाल गर्ग सहित स्कूल के सभी स्टाफ सदस्यों व गणमान्य जनों द्वारा हवन यज्ञ पूर्णाहुति आहुति डलवाई गई। तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना रहा।