संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का संकल्प, नवनियुक्त पदाधिकारी हुए सम्मानित

बहराइच (मिहींपुरवा): आगामी चुनावों को मजबूती से लड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिहींपुरवा मंडल की एक अहम बैठक आयोजित की गई।
नवयुग इंटर कॉलेज परिसर में हुई इस बैठक में पार्टी के विभिन्न अभियानों, कार्यक्रमों और आगामी चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राम सरोज पाठक ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विकास योजनाओं को हर गांव-मोहल्ले तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की गईं और बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीमा जागरण मंच के जिला महामंत्री पिंटू मौर्य और समाजसेवी सोमवर्धन पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्साहवर्धन किया। पिंटू मौर्य ने कहा, “किसी भी संगठन की सफलता उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता पर निर्भर करती है।”
बैठक में मंडल महामंत्री हरिओम चौधरी, रामदल मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष रामप्रीत वर्मा, विकास सिंह, विजय मौर्य, कैलाश लोधी, राजेंद्र रावत, मंडल मंत्री अरविंद चौधरी, दिव्य प्रकाश मिश्रा, दीपांकर कुमार, संजय शर्मा, नम्रता सिंह, कुसुम लता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।