प्रॉपर्टी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी का मामला, वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी पुलिस

लखनऊ। लखनऊ में प्रॉपर्टी के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार 9 जनवरी 2025 को उन्नाव जनपद के बेहटा नथई सिंह (कोरारी कल) निवासी गायत्री देवी ने थाना पीजीआई, लखनऊ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव अवस्थी समेत अन्य लोगों ने प्लॉट बेचने के नाम पर उनसे बड़ी धनराशि हड़प ली। आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 14/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की घेराबंदी

जांच के दौरान पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक आरोपी थाना विभूतिखंड क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सर्वेश कुमार पाण्डेय (36 वर्ष) पुत्र ध्यानचन्द्र पाण्डेय, निवासी रतनखण्ड, शारदानगर, थाना आशियाना, लखनऊ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक पुराना मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और इसी के जरिए लोगों को झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध तरीके से धन अर्जित कर अपने शौक पूरे करने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *