शामली पुलिस का आधुनिक कदम – अब बरामद माल का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल होगा

बरामद माल की देखरेख हुई पारदर्शी, पुलिस अधीक्षक शामली NP Singh ने किया मालखाने का उद्घाटन

शामली: जनपद शामली पुलिस ने एक और आधुनिक कदम उठाते हुए थाना कैराना में डिजिटल मालखाना का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह (IPS) ने गुरुवार को थाना कैराना में डिजिटल मालखाना का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल मालखाना व्यवस्था थाना स्तर पर बरामद माल की सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित देखरेख सुनिश्चित करेगी।

एसपी एन.पी. सिंह ने बताया कि अब मालखाने में रखे गए सभी सामान का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग, निगरानी और समय-समय पर सत्यापन की प्रक्रिया बेहद आसान और प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक प्रणाली से न केवल कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि अनावश्यक मानवीय त्रुटियों में भी काफी कमी आएगी। साथ ही न्यायालयीन प्रक्रियाओं में जरूरी अभिलेखों की उपलब्धता भी तुरंत सुनिश्चित हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल मालखाना प्रणाली के संचालन, रखरखाव और उपयोग के बारे में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ कैराना सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *