‘किन्नरों की ‘जजमानी परंपरा’ अवैध’: HC बेंच लखनऊ

बिना किसी विधिक आधार के धन वसूलना BNS के तहत अपराध, किन्नर रेखा देवी की याचिका पर थी सुनवाई

लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने किन्नर समुदाय द्वारा बधाई या ‘नेग’ के नाम पर की जाने वाली वसूली को अवैध करार देते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में कानूनी मान्यता नहीं दी जा सकती। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि बिना किसी विधिक आधार के धन वसूलना भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध की श्रेणी में आता है।

यह अहम फैसला न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ ने किन्नर रेखा देवी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया। याचिका में गोंडा जिले के कुछ क्षेत्रों को नेग वसूली के लिए आरक्षित करने की मांग की गई थी, ताकि अन्य किन्नरों के प्रवेश से उत्पन्न विवादों को रोका जा सके।

जजमानी परंपरा के आधार पर अधिकार का दावा

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि वह लंबे समय से इन क्षेत्रों में नेग मांगती आ रही हैं, लेकिन अन्य किन्नरों के आने से टकराव की स्थिति बन रही है। अदालत को बताया गया कि ‘जजमानी परंपरा’ के तहत यह एक तरह का पारंपरिक अधिकार बन चुका है, जिसकी रक्षा के लिए न्यायालय को हस्तक्षेप करना चाहिए। साथ ही, क्षेत्रीय सीमांकन को विवाद रोकने के लिए आवश्यक बताया गया।

अदालत ने दलीलों को किया खारिज

हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने इन सभी दलीलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी भी परंपरा के आधार पर अवैध वसूली को वैध नहीं ठहराया जा सकता। अदालत ने टिप्पणी की कि यदि ऐसी मांग को स्वीकार किया जाता है, तो यह सीधे तौर पर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसा होगा, जिसे न्यायालय कतई अनुमति नहीं दे सकता।

ट्रांसजेंडर कानूनों में भी ‘नेग वसूली’ का कोई प्रावधान नहीं

कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों से संबंधित कानूनों में भी नेग या बधाई के नाम पर धन वसूली को लेकर कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है। ऐसे में इसे न तो मौलिक अधिकार माना जा सकता है और न ही किसी कानूनी अधिकार के रूप में स्वीकार किया जा सकता है।

किन्नर समुदाय जजमानी परंपरा को अपनी आजीविका और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा मानता है। वे गुरु-शिष्य परंपरा (घराना व्यवस्था) के तहत संगठित रहते हैं और क्षेत्रों में बंटकर बधाई का काम करते हैं हालाँकि, आधुनिक समय में इस प्रथा को जबरन वसूली के रूप में देखा जाने लगा। शादी या जन्म पर पैसे देने से इनकार करने पर उत्पात मचाने की कई बार घटानाएं सामने आती रही हैं।

फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि किन्नर समुदाय को बधाई या नेग मांगने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि “जजमानी परंपरा” के नाम पर जबरन या बिना सहमति के धन वसूलना अवैध है और यह भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक कृत्य हो सकता है। अदालत ने क्षेत्र बंटवारे की मांग भी खारिज कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *