IIM रोड के पास कैफे में भीषण आग: दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

4 महीने पहले ही हुआ था कैफे उद्घाटन, दमकल की 2 गाड़ियों ने बुझाई आग, लाखों का नुकसान

लखनऊ। लखनऊ के मड़ियाव थाना क्षेत्र में आईआईएम रोड स्थित एक कैफे में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरे कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने जब धुआं और आग की ऊंची लपटें देखीं तो तुरंत फायर विभाग और पुलिस को सूचना दी।

चार महीने पहले शुरू हुआ था कैफे, पूरा सामान जलकर राख

आग लगने से कैफे में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि कैफे की शुरुआत करीब चार महीने पहले ही की गई थी। इस हादसे में कैफे मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही बीकेटी फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी तेजी से फैली थी कि उसे बुझाने में काफी समय और प्रयास लगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

कैफे मालिक के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। वहीं बीकेटी फायर स्टेशन के एफएसओ ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां आग तेजी से फैल चुकी थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *