मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाने में 9 बिखरते परिवारों में हुई सुलह

मिशन शक्ति फेज-5.0 (चरण-2) अभियान, पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कराकर नौ रिश्ते टूटने से बचाए

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक Dr. Khyati Garg के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 (चरण-2) अभियान के अंतर्गत महिला थाना पुलिस ने पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कराकर नौ दंपतियों के रिश्ते टूटने से बचा लिए। महिला थाना परिसर में हुई काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने को राजी हुए।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक Shilpi Shukla ने काउंसलर श्रीमती नीति गुप्ता, सुश्री कुसुम गुप्ता और कय्यूम जरवानी के सहयोग से पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में सुलह-समझौते का अभियान चलाया। इस दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साझी गृहस्थी से जुड़े कुल 17 मामलों में काउंसलिंग की गई।

काउंसलिंग के बाद नौ जोड़े पुनः साथ रहने को तैयार हुए, जबकि छह मामलों में पति-पत्नी के बीच अधिक मनमुटाव होने के कारण पक्षकारों को सोचने के लिए समय दिया गया। वहीं दो मामलों में सुलह का प्रयास सफल नहीं हो सका।

महिला थाना पुलिस के अनुसार एक मामला थाना नीमगांव क्षेत्र के ग्राम अलवापुर निवासी लक्ष्मी देवी का था, जिनकी ससुराल थाना इमलिया, जिला सीतापुर के ग्राम डल्लापुर में है। शिकायतकर्ता ने पति खुशीराम एवं ससुराल पक्ष पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया था। वह पिछले चार माह से मायके में रह रही थीं। दंपति के तीन बच्चे भी हैं।

रविवार को दोनों पक्षों को महिला थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई, जिसके बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर बच्चों के साथ पुनः एक साथ रहने पर सहमति जताई। सुलह के बाद दोनों परिवार खुशी-खुशी घर लौट गए।

इस दौरान महिला आरक्षी सुमन लता, सारिका सिंह चौहान और बबली पवार ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। काउंसलिंग के समय उपस्थित परिवारजनों को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन नंबरों एवं कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *