पंजाबी सिंगर इंदर कौर की अपहरण के बाद हत्या, 6 दिन बाद नहर से मिला शव

6 दिन पहले बंदूक की नोक पर अपहरण का आरोप, आरोपी सुखविंदर के साथियों सहित कनाडा भागने की आशंका

पंजाब: पंजाबी सिंगर कौर की हत्या ने एक बार फिर सैलेब्रिटी की हत्याओं के मामलों को फिर से गरमा दिया है. साथ ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. हाईटेक हो चुके देश में छह दिन से लापता पंजाबी सिंगर का पुलिस सुराग तक नहीं लगा सकी. छह दिन बाद इंदर कौर का शव नीलो नहर में मिला जो कि पूरी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है.

जानकारी के मुताबिक इंदौर कौर उर्फ यशइंदर कौर का करीब छह दिन पहले गन प्वाइंट पर अपहरण कर लिया गया था. मृतका के भाई जोतइंदर सिंह के मुताबिक 13 मई की रात करीब 8.30 बजे उनकी बहन अपनी फोर्ड फिगो कार से बाज़ार से ग्रोसरी लेने के लिए घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी.

पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज़ परिवार

परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराज़गी जताई है. परिवार का कहना है कि पुलिस ने 15 मई 2026 को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. अगर समय रहते कार्रवाई हो जाती तो इंदर की जान बच सकती थी.

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग है. तीन साल पहले इंदर और सुखविंदर की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी जिसके बाद दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी. सुखविंदर पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. इस बात की जानकारी जब इंदर कौर को हुई तो उसने सुखविंदर से दूरी बना ली और शादी से इनकार कर दिया. इस बात सुखविंदर नाराज़ चल रहा था.

पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि सुखविंदर कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है. आरोप के मुताबिक बंदूक की नोक पर इंदरा कौर का अपहरण किया गया, फिर हत्या कर शव नहर में फेंक दिया और आरोपी दोबारा नेपाल के रास्ते कनाडा फरार हो गए.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

नीलो नहर से इंदर कौर का शव बरामद हुआ है. परिवार ने शव की शिनाख्त कर ली है. शव को समराला के सिविल अस्पताल में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *