वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा बदलाव, अब उपनिरीक्षकों की होगी 100 अंकों की मार्किंग

विवेचनाओं का निस्तारण 60 दिनों के भीतर किए जाने के निर्देश, नए आरक्षियों को हाईटेक ट्रेनिंग देने की योजना

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बड़ा एक्शन प्लान लागू किया है। अब उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन 100 अंकों की मार्किंग प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। इसी के आधार पर उनकी रैंकिंग तय होगी और चौकी प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

पुलिस कमिश्नर ने थाना रोहनिया थाना, लोहता थाना और मंडुवाडीह थाना के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विवेचनाओं का निस्तारण 60 दिनों के भीतर किया जाए तथा आम जनता से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नई व्यवस्था में NBW (गैर जमानती वारंट) की गिरफ्तारी, बिना नम्बर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जुआ, सट्टा, अवैध खनन और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले दरोगाओं को प्रमोशन में विशेष लाभ मिलेगा। वहीं लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।

कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिन के समय 50 प्रतिशत पुलिस बल को सड़कों पर तैनात रखने और रात में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नए आरक्षियों को हाईटेक ट्रेनिंग देने की योजना भी तैयार की गई है।

आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए CCTNS, CCTV Analysis, CDR, E-Summon और Digital Evidence के बेहतर उपयोग पर विशेष फोकस किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि तकनीक आधारित पुलिसिंग से अपराध नियंत्रण और जनता को त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *