पीडीआर मॉल के सामने अवैध स्टैंड और अतिक्रमण से लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

अवैध स्टैंड बिगाड़ रहा शहर की सूरत, असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बन रहा परेशानी का सबब

रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, ब्यूरो/वाराणसी

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित पीडीआर मॉल के सामने अवैध अतिक्रमण और ऑटो-ई-रिक्शा स्टैंड के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पीडीआर मॉल के सामने चौड़ी सड़क होने के बावजूद दिन-रात ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे न केवल जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, बल्कि राहगीरों और यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और थाने में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अवैध स्टैंड के कारण कुछ असामाजिक तत्व भी वहां सक्रिय रहते हैं, जिससे यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी कई बार विवाद की स्थितियां उत्पन्न हुई हैं, जिसके बाद कुछ समय के लिए कार्रवाई हुई, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए औचक निरीक्षण कराने तथा अवैध अतिक्रमण और स्टैंड संचालन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में यातायात और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियां और बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *