पिछले साल 29 जून को पहुंचा था मॉनसून, वीकेंड में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

जून के आखिर में पहुंचेगा मॉनसून
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं रह सकता। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मॉनसून प्रगति मानचित्र में जून के अंतिम सप्ताह के दौरान क्षेत्र में मॉनसूनी गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी बढ़ेगा मॉनसून
IMD के अनुसार इसी अवधि में मॉनसून हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों तक भी आगे बढ़ सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून की वास्तविक प्रगति समुद्री हवाओं, निम्न दबाव के क्षेत्रों और अन्य मौसमीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
पिछले साल 29 जून को पहुंचा था मॉनसून
पिछले वर्ष 2025 में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 जून को दिल्ली पहुंचा था, जो इसकी सामान्य तिथि 27 जून से दो दिन देरी से था। इस बार भी मॉनसून के सामान्य समय के आसपास राजधानी में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम प्रणालियों के आधार पर पूर्वानुमान में बदलाव संभव है।
बारिश से सुहावना हुआ मौसम
इस बीच शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली का मौसम सुहावना बना रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे रहा।
वीकेंड में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग ने सप्ताहांत में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।