गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “गविष्ठी यात्रा” का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

दिल्ली-एनसीआर: गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने एवं गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गौतम बुद्ध नगर में भव्य “गविष्ठी यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। सनातन धर्म के विश्वविख्यात आचार्य, ज्योतिषपीठाधीश्वर, परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में यह यात्रा आयोजित होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौ संरक्षण, गौ संवर्धन तथा समाज में गौमाता के महत्व के प्रति व्यापक जनजागरण करना है।
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के पुनर्जागरण और गौ आधारित जीवन पद्धति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के अंतर्गत गौतम बुद्ध नगर की विभिन्न विधानसभाओं में अलग-अलग तिथियों पर आयोजन प्रस्तावित हैं।
जेवर विधानसभा में 13 जून 2026 को सायं 5 बजे जेपी फॉर्म एंड रिजॉर्ट्स, कनीगढ़ी रोड पर कार्यक्रम होगा। वहीं नोएडा विधानसभा में 14 जून 2026 को प्रातः 10 बजे ब्रह्मश्री सरस्वती देवी आदि शक्ति माता मंदिर, सेक्टर-37 अरुण विहार में आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद दादरी विधानसभा क्षेत्र में उसी दिन प्रातः 11 बजे आरंभ होटल एंड बैंक्विट, मीलक लच्छी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कार्यक्रम संपन्न होगा। आयोजन समिति का कहना है कि इस गविष्ठी यात्रा में संत-महात्माओं, गौभक्तों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के माध्यम से गौ संरक्षण को लेकर जनसहभागिता बढ़ाने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने तथा समाज को गौसेवा के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया गया है।