कैराना में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ भाकियू का मोर्चा, आंदोलन की तैयारी तेज

स्मार्ट मीटरों के नाम पर हो रहा आर्थिक शोषण, इन मीटरों से बिजली बिलों में अनियमितता और अतिरिक्त भार बढ़ा

कैराना में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इस मुद्दे को लेकर रविवार को कस्बे के मोहल्ला अफगानान में संगठन के नगराध्यक्ष चौधरी इनाम अली उर्फ कालू के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक हाजी मोहम्मद अहमद खान के आवास पर संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों के नाम पर आम उपभोक्ताओं और किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उनका कहना था कि इन मीटरों से बिजली बिलों में अनियमितता और अतिरिक्त भार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीण और किसान वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्मार्ट मीटरों के खिलाफ रणनीति तैयार कर जल्द ही मोर्चा खोला जाएगा और जनआंदोलन को तेज किया जाएगा।

इसके अलावा बैठक में नगर और क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सड़क, बिजली, पानी और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर भी लोगों ने अपनी राय रखी। संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मंडल महासचिव पुष्कर सैनी, जिला सचिव चौधरी गुरदीप चौहान, ब्लॉक उपाध्यक्ष फैज़ान अहमद, सचिव चौधरी इमरान, उपाध्यक्ष मोहसिन जैदी, नगर महामंत्री आसिफ चौहान, नौशाद खाँ, हामिद खाँ, नईम मिर्जा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *