मंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक, भदोही, सोनभद्र, मिर्जापुर जनपद के अधिकारियों को कड़े निर्देश

रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, बनारस
मिर्जापुर। विंध्याचल मंडल मिर्जापुर के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने मंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में भदोही, सोनभद्र एवं मिर्जापुर जनपद के अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। इसके साथ ही बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी को प्रभावित करती हैं। इसलिए सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई की जाए। साथ ही ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग करने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को भी इसके लिए जागरूक किया जाए, क्योंकि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना स्वयं उनके और दूसरों के लिए खतरा बनता जा रहा है।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर बढ़ रही दुर्घटनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मण्डलायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट एवं चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए। साथ ही खराब सड़कों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने कहा कि दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना भी प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए एम्बुलेंस सेवाओं को और अधिक सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक जनपद में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। मण्डलायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में भदोही, सोनभद्र एवं मिर्जापुर के जिलाधिकारी, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।