
रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, ब्यूरो
रामनगर, वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सेनानायक ने फलदार पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “Climate Action – #NowForClimate” के तहत पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जवानों एवं आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर वाहिनी के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत उपसेनानायक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में वाहिनी के जवानों के साथ बैंड टीम ने भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।