हरिऔध जयंती पर हुई राजभाषा समिति की बैठक, हिंदी को प्रशासनिक भाषा बनाने पर हुई चर्चा

प्रख्यात कवि ‘हरिऔध’ की जयंती भी मनाई गई, विविध भाषाओं के आत्मीय समन्वय पर भी रहा ज़ोर

गोरखपुर, 25 अप्रैल 2026 — यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में 24 अप्रैल 2026 को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कारखाना प्रबंधक डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने की, जबकि केंद्रीय हिंदी निदेशालय, नई दिल्ली के निदेशक श्री हितेन्द्र कुमार मिश्र मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर प्रख्यात कवि अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ की जयंती भी मनाई गई।

मुख्य अतिथि श्री हितेन्द्र कुमार मिश्र ने हिंदी की गौरवशाली साहित्यिक परंपरा, उसकी समृद्ध अभिव्यक्ति क्षमता और भारत की विविध भाषाओं के साथ उसके आत्मीय समन्वय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी का विकास भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता से गहराई से जुड़ा हुआ है।

मुख्य कारखाना प्रबंधक डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने हिंदी को प्रशासनिक कार्यों की सशक्त भाषा बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी क्रियान्वयन संगठन की कार्यकुशलता और जनसंपर्क को मजबूत बनाता है।

उप मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री अनुज कुमार मिश्र ने बताया कि कारखाने में अधिकांश कार्य सफलतापूर्वक हिंदी में संपादित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अधिकारियों व कर्मचारियों में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

संगोष्ठी में अन्य वक्ताओं ने भी हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, उसके व्यावहारिक उपयोग और राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। बैठक में कारखाने के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *