SOG टीम ने सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई, मुठभेड़ में SOG प्रभारी राजेश कुमार घायल

हरदोई (मल्लावां)। जिले के मल्लावां क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या करने वाले शातिर आरोपी मेहनूर उर्फ नूर को पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद अपहरण और फिरौती की झूठी अफवाह फैलाकर जांच को भटकाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस और एसओजी टीम ने सर्विलांस फुटेज तथा गुप्त सूत्रों के आधार पर आरोपी की लोकेशन को ट्रेस कर लिया। बुधवार सुबह आरोपी को घेर लिया गया।मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एसओजी प्रभारी राजेश कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौके से पुलिस ने हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
आरोपी मेहनूर उर्फ नूर पर पहले से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की नजर में था। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए स्थानीय लोग इस मुठभेड़ को न्याय की जीत मान रहे हैं।इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना दिया था। खासकर छोटी बच्ची की बर्बरता से की गई हत्या ने लोगों को झकझोर दिया था।
पुलिस की इस सफल कार्रवाई से माता-पिता और स्थानीय नागरिकों में भरोसा बढ़ा है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चियों की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी ने घायल एसओजी प्रभारी राजेश कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।इस घटना के बाद मल्लावां क्षेत्र में शांति है। लोगों ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि न्याय मिलने से समाज में कानून व्यवस्था का भरोसा मजबूत हुआ है।