पंजाब CM भगवंत मान ने मांगा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का समय, सांसदों के रिकॉल पर होगी चर्चा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा सहित 7 सांसद बीजेपी में शामिल, पंजाब CM भगवंत मान ने जताई नाराज़गी

पंजाब की राजनीति में भारी हलचल मच गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्‍यसभा सांसदों के बीजेपी में विलय के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है। मुख्यमंत्री मान पंजाब के विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मिलकर इन सांसदों को रिकॉल करने का अपना पक्ष रखेंगे।

राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी समेत सात AAP राज्‍यसभा सांसदों ने शुक्रवार को पार्टी छोड़कर बीजेपी में विलय की घोषणा कर दी। चड्ढा ने दावा किया कि AAP की 10 राज्‍यसभा सीटों में दो-तिहाई से अधिक सदस्य उनके साथ हैं और उन्होंने राज्‍यसभा चेयरमैन को पत्र सौंप दिया है। 

इस घटनाक्रम के बाद AAP में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर जमकर हमला बोलते हुए इन सांसदों को ‘गद्दार’ बताया। उन्होंने कहा कि जो सांसद पार्टी छोड़कर गए हैं, वे पंजाब का प्रतिनिधित्व नहीं करते। भगवंत मान ने बीजेपी को पंजाब विरोधी करार देते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी हमेशा दूसरी पार्टियों में बाधाएं पैदा करती है और ‘वॉशिंग मशीन’ की तरह काम करती है। 

सीएम मान ने कहा, “पार्टी किसी भी व्यक्ति से बड़ी होती है। पंजाबी दिल से सभी से प्यार करते हैं, लेकिन विश्वासघात कभी नहीं भूलते।” उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी का पंजाब में कोई आधार नहीं है और जनता इन गद्दारों को सबक सिखाएगी।  अब AAP आगे की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी ने इन सांसदों की सदस्यता समाप्त करने के लिए राज्‍यसभा चेयरमैन से भी संपर्क किया है। इस राजनीतिक घमासान से 2027 पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले AAP की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *