कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर काशी में राजनीतिक माहौल गर्म, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पोस्टर दहन कर विरोध जताया

ब्यूरो रिपोर्ट : प्रवेश सिंह
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ajay Rai के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर काशी में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और सभ्रांत नागरिकों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री और महोबा एसपी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का मुद्दा उठाते हुए उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिला मुख्यालय परिसर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पोस्टर दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा नेता अनूप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान मर्यादा और राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की भाषा से समाज में गलत संदेश जा रहा है और काशी की सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस द्वारा वीडियो को एआई जनरेटेड बताए जाने पर भी सवाल उठाए।
कार्यक्रम का संचालन विपुल कुमार पाठक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन धीरेंद्र शर्मा एडवोकेट ने दिया। इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय मंत्री अधिवक्ता श्रीप्रकाश शुक्ला, शंकर जायसवाल, रजनीश अग्रवाल एडवोकेट, सुनील कन्नौजिया एडवोकेट, राहुल जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, संजय गुप्ता, सुबीर गुप्ता, जय किशन गुप्ता और राहुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व अधिवक्ता मौजूद रहे।