चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा: शव लेकर वाराणसी जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, 17 घायल, 4 गंभीर

घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, 4 की हालत गंभीर, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर

ब्यूरो रिपोर्ट:चंदौली, वाराणसी

चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रही एक मैजिक वाहन आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी यात्री बिहार के भभुआ जनपद के भगवानपुर क्षेत्र के निवासी थे और एक शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जा रहे थे। इसी दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। अंधेरे और वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को एंबुलेंस से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 15 लोगों को चोटें आई हैं, जबकि 2 लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घायलों में 4 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। कई लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *