चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: 61 लाख रुपये की अवैध बीयर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी बीयर से लदे एक ट्रक को पकड़ा

चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चंदौली पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1210 पेटी (14,520 लीटर) पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी बीयर से लदे एक ट्रक को पकड़ा है। इस दौरान राजस्थान के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार तस्कर बीयर की खेप को भूसी के नीचे छिपाकर पंजाब से बिहार के औरंगाबाद ले जा रहे थे। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर चौकी नवीन मंडी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की और ट्रक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 29,040 बीयर कैन बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रत्येक खेप को पहुंचाने के एवज में लगभग 50 हजार रुपये प्राप्त करते थे।

पुलिस ने बरामद बीयर, ट्रक और अन्य आवश्यक दस्तावेजों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में सदर कोतवाल विश्वेश्वरी पाण्डेय, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *