सरकार पर मूल मुद्दों से भटकाने का लगाया आरोप, हत्याएं-बढ़ते अपराध ने खोली “अपराध मुक्त प्रदेश” के दावों की पोल

रिपोर्ट: प्रवेश सिंह/ब्यूरो
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को वाराणसी स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर लगातार राजनीतिक हमले कर रही है।
अजय राय ने कहा कि महोबा की दलित युवती से जुड़े मामले में कांग्रेस द्वारा पीड़ित परिवार के पक्ष में आवाज उठाए जाने के बाद भाजपा बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्याय दिलाने के बजाय विपक्ष पर हमले कर अपनी प्रशासनिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही हत्याएं और बढ़ते अपराध सरकार के “अपराध मुक्त प्रदेश” के दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने गाजीपुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और गाजियाबाद की हालिया हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह “पुलिस स्टेट” जैसी मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने लगातार हो रहे एनकाउंटर और कथित फर्जी एनकाउंटरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कानून का शासन संविधान और अदालतों से चलता है, भय और गोलियों से नहीं।
युवाओं के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि NEET, CUET, SSC-GD, रेलवे और पुलिस भर्ती जैसी परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने सरकार पर रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। भाजपा चाहे जितना भी दुष्प्रचार करे, कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाते रहेंगे।