पिस्टल के दम पर राहगीरों को लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश, लूटा मोबाइल, नकदी, हथियार और बाइक बरामद

मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा बरामद, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद

चंदौली। बलुआ थाना पुलिस ने चहनियां बाजार में दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया। इस कार्रवाई में एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश राहगीरों को पिस्टल सटाकर मोबाइल फोन और नकदी लूटने की घटनाओं को अंजाम देते थे। चहनियां बाजार में हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों की सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी की गई।

पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों की फायरिंग में उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस तथा लूट की घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को बलुआ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसपी ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *