
आगरा। नगर निगम के वार्ड 60 के बालाजी नगर में चल रहे नाली एवं खरंजा निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य में अनियमितताओं, लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से नाली निर्माण कराया जा रहा है, वह वर्तमान कार्यप्रणाली को देखते हुए पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि पहले से बनी हुई नाली के सहारे केवल एक ईंट की लाइन खड़ी कर नाली को नौ इंच चौड़ा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा नाली में जमा सिल्ट और गंदगी को पूरी तरह साफ किए बिना ही उसके ऊपर कंक्रीट डाली जा रही थी। जब क्षेत्रवासियों ने इसका विरोध किया और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, तब ठेकेदार को निर्माण कार्य रोकना पड़ा।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नालियों का निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव की आशंका भी बढ़ गई है।
नागरिकों का कहना है कि यदि नालियों की सही ढंग से सफाई और निर्माण नहीं किया गया तो भविष्य में पानी की निकासी की समस्या और अधिक गंभीर हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुछ समय पूर्व विधायक प्रतिनिधि ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दैरान उन्होंने ठेकेदार को स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए थे।
आरोप है कि इसके बावजूद भी ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से निर्माण कार्य किए जा रहे है। लोगों का कहना है कि उनकी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बताया गया कि जब नालियों से पानी का सुचारु निकास ही सुनिश्चित नहीं होगा, तो ऐसे निर्माण कार्य का कोई लाभ नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि निर्माण कार्य इसी प्रकार चलता रहा तो सरकारी धन का दुरुपयोग होगा और समस्या का स्थाची समाधान नहीं निकल पाएगा। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि विभागीय अधिकारी समय रहते हस्तक्षेप करेंगे और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराएंगे।