मनजीत कौर हत्याकांड: 54 दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद मौत

मनजीत कौर हत्याकांड: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर को जिंदा जलाया

मनजीत कौर हत्याकांड में पुलिस जांच
मनजीत कौर हत्याकांड में पुलिस ने अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया है।

डिजिटल डेस्क, एक्सोज इंडिया। पंजाब के चंडीगढ़ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कर गई। 26 अगस्त को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मनजीत को 3 जुलाई को देर रात मोरिंडा में पेड़ से बांधकर आग के हवाले कर दिया गया था।

गंभीर हालात में उसे चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां 54 दिनों तक वह जिंदगी और मौत के बीच झूलती रही। आग से झुलसी मनजीत हर पल दर्द से तड़पती रही और उसने अपनी सांसों को किसी तरह संभाले रखा. उसकी आंखों में अपने इकलौते बच्चे को देखने की ललक जरूर रही होगी।

हालांकि जिंदगी ने उसे ठुकरा दिया और मौत ने तरस खाकर उसे हमेशा के लिए सुला दिया। मनजीत भले ही अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन उसकी मौत अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई। मनजीत कौर हत्याकांड मामले में सवाल यही कि आखिर समाज में रिश्तों के टूटने या उलझने की बात हदें तोड़कर हत्या तक क्यों पहुंच जाती है।

क्यों दूरियां बढ़ने पर दिमाग में उसी शख्स की हत्या का ख़्याल आ जाता है जिसे कभी ज़िंदगी की सबसे ख़ूबसूरत गलती कहकर गले से लगाया जाता है। प्यार का दूसरा नाम त्याग है जो अब कहीं नज़र नहीं आता वरना मनजीत को इतनी दर्दनाक मौत नहीं मिलती।

मनजीत कौर हत्याकांड की ख़बर आग की तरह फैल गई। परिवार वलों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अगवा करने का आरोप

मनजीत कौर हत्याकांड मामले में मृतक की मां कांता देवी की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। शिकायत के मुताबिक, 3 जुलाई की देर रात शुभी और पिंडा ने मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में शराब के एक ठेके पास बुलाया था। दोनों की मनजीत के साथ पहले से ही जान-पहचान थी।

आरोप है कि मनजीत के वहां पहुंचते ही दोनों ने उसे जबरन एक कार में बैठाया और मोरिंडा ले गए। मोरिंडा में पहुंचकर मनजीत को एक शहतूत के पेड़ से बांध दिया गया और आग लगा दी गई।

आग की वजह से मनजीत बुरी तरह झुलस गई। जानकारी के मुताबिक किसी परिचित ने मौके पर पहुंचकर कंबल की मदद से आग बुझाई। इस बाद मनजीत को मोरिंडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे मोहाली के मैक्स और उसके बाद 9 जुलाई को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

मनजीत कौर हत्याकांड को लेकर आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है और सबूतों के आधार पर जांच जारी है।

54 दिन तक चला इलाज

बुरी तरह झुलसी मनजीत कई हफ्तों तक होश में नहीं आई। परिवार के मुताबिक 5 अगस्त को जब मनजीत को कुछ होश आया तब जाकर घटना का खुलासा हुआ। उन्होंने परिजनों को अपनी आप-बीती सुनाई। गंभीर रूप से झुलसी मनजीत की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही थी। 26 अगस्त को उसने आखिरी सांस ली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।

मनजीत कौर की मां कांता देवी ने इसके बाद सेक्टर-34 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(1) यानी अपहरण, 103(1) यानी हत्या और 3(5) यानी साझा आपराधिक दायित्व के तहत एफआईआर दर्ज की है।

चंडीगढ़ एसएसपी कन्वरदीप कौर ने भी मां की शिकायत पर अपहरण और हत्या का केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

7 साल के बेटे की मां थीं मनजीत

मनजीत सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर थी। मोहाली के सेक्टर-123 के सन्नी एन्क्लेव में उनका आवास था। तलाक के बाद वह अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ जीवन-यापन कर रही थीं। सोशल मीडिया पर उनके अच्छे-खासे फॉलोअर थे। इंस्टाग्राम पर मनजीत के करीब 1.46 फॉलोअर्स थे।

वह पंजाबी और हरियाणवी गानों पर रील्स के साथ कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से जुड़ा कंटेंट बनाती थीं। वहीं यूट्यूब पर उनके करीब 4,000 सब्सक्राइबर्स थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनजीत कथित तौर पर एक आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। इसी लिव-इन पार्टनर पर उनकी हत्या का आरोप है हालांकि इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।

पुलिस पर बयान दर्ज नहीं करने का आरोप

परिवार ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त को होश आने के बाद मनजीत ने अपना बयान दर्ज कराने की इच्छा जताई थी। परिवार के अनुसार, पीजीआई पुलिस चौकी ने खरड़ सदर पुलिस को इसकी सूचना भी दी थी, लेकिन बयान दर्ज नहीं किया गया।

हालांकि खरड़ के डीएसपी ईशान सिंगला ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि घटनास्थल चंडीगढ़ पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता था, इसलिए कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस को करनी थी। उन्होंने कहा कि खरड़ पुलिस ने परिवार को सहयोग दिया और एफआईआर दर्ज कराने में मदद की।

सेक्टर-34 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शादी लाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

सीसीटीवी और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच

सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर मनजीत कौर हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों की तलाश में चंडीगढ़ पुलिस हत्या से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के साथ ही पुलिस मनजीत के इंस्टाग्राम अकाउंट की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अन्य इन्फ्लुएंसर्स के साथ कुछ विवाद से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।

इन वीडियोज़ में गाली देने वाले कंटेंट भी शामिल हैं। चंडीगढ़ पुलिस डीएसपी (साउथ) गुरजीत कौर ने बताया कि संदिग्धों के बारे में जो भी सुराग मिल रहे हैं। उसके आधार पर तलाश जारी है और जगह-जगह छापेमारी भी की जा रही है।

अब तक जांच में क्या सामने आया?

फिलहाल मनजीत कौर हत्याकांड में मां की शिकायत के आधार पर अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की रही है। अभी तक परिजनों के आरोपों के आधार पर लिव-इन पार्टनर पर हत्या का शक जताया गया है। हालांकि अभी कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगा, जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। (Amar Bharti)

एक नज़र इन पर भी डालें

मुस्कान शर्मा हत्याकांड: आरोपी आकिब का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, POCSO केस में जा चुका है जेल

सोनिया गांधी की किताब ‘‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर विवाद, 3 बड़े दावे और पेंगुइन की सफाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *