खालिस्तानी संगठनों के नाम का दावा, ई-मेल की जांच में जुटीं एजेंसियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग की घटना के कुछ दिन बाद अब अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को धमकी मिलने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई में एक धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिसमें अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट का जिक्र किया गया है।
ई-मेल में आत्मघाती हमले और ग्रेनेड हमले की चेतावनी दिए जाने की बात कही गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच कर रही हैं।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर क्या कहा गया?
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित है। रिपोर्टों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में इस कार्यक्रम को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों की वास्तविकता और हमले की आशंका की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ का भी जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दिए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक संभावित हमले के लिए 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच की अवधि का उल्लेख किया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ई-मेल किसने भेजा और इसके पीछे किसी वास्तविक साजिश की आशंका है या नहीं।
स्कूल और मुंबई की मेयर के कार्यालय का भी उल्लेख
रिपोर्टों के मुताबिक, धमकी वाले संदेश में कुछ स्कूलों और मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय का भी जिक्र किया गया। नवी मुंबई के ऐरोली स्थित विबग्योर हाई स्कूल को लेकर भी धमकी मिलने की खबर सामने आई। ऐसे संदेशों के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच किए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, हर स्थान पर खतरे की स्थिति को लेकर अलग-अलग दावों की पुष्टि जरूरी है।
ई-मेल में खालिस्तानी संगठनों के नाम का दावा
ई-मेल में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ जैसे नामों का उल्लेख किया गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदेश कहां से भेजा गया और उसमें किए गए दावों का कोई ठोस आधार है या नहीं।

टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग के बाद बढ़ी चिंता
आपको बता दें कि 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जांच तेज की और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ से जुड़ी धमकी की खबर सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की संभावना सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

पुलिस ई-मेल की विश्वसनीयता की जांच कर रही है
धमकी भरे ई-मेल के सामने आने के बाद पुलिस का मुख्य फोकस संदेश भेजने वाले की पहचान और उसमें किए गए दावों की विश्वसनीयता पता लगाने पर है। जांच एजेंसियां सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह किसी गंभीर साजिश का हिस्सा था या डर फैलाने की कोशिश।
फिलहाल इस तरह की धमकियों से बॉलीवुड एक बार फिर सुर्खियों में है। अब देखना यह है कि इन सब धमकियों के पीछे असल वजह क्या है, यह सच आना बाकी है।
एक नज़र इन पर भी डालें
पूर्व सेना प्रमुख नरवणे: चीन से सीमा विवाद का सैन्य समाधान संभव नहीं!
ITBP प्रमुख: अरुणाचल सीमा पर चीन से बढ़ा तनाव, कई जगह आमने-सामने हैं सैनिक! 1