BJP ने की राष्ट्रहित में सादगी-स्वदेशी अपनाने की अपील

पंकज चौधरी ने वैश्विक चुनौती से निपटने को बताया सामूहिक जिम्मेदारी, ‘PM के नेतृत्व में देश हो रहा आत्मनिर्भर

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, किसानों, निजी संस्थानों और प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित में सादगी, बचत और स्वदेशी को अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, राष्ट्रहित और जनभागीदारी के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।

आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए देशवासियों से अपनी जीवनशैली में बदलाव करने का आह्वान किया है। यह केवल एक सामान्य अपील नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और मजबूत भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है।

ईंधन बचत और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

पंकज चौधरी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही किया जाए तथा सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र को अपनाने पर बल देते हुए स्वदेशी एवं भारत में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही उन्होंने अनावश्यक विदेशी यात्राओं और फिजूलखर्ची से बचने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किसानों से राष्ट्रहित में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने का आग्रह किया। उन्होंने आमजन से खाद्य तेल और अन्य संसाधनों का संयमित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे देश की आयात पर निर्भरता कम होगी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। उन्होंने निजी संस्थानों से भी अपील की कि जहां संभव हो, वहां “वर्क फ्रॉम होम” जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण का आह्वान

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी आवाहन को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने दैनिक जीवन में सादगी, बचत और स्वदेशी को अपनाने का संकल्प लें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *