सामूहिक दुष्कर्म मामले से शर्मसार हुई दिल्ली, चलती बस में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा बनी शिकार

चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म: मां की डांट से नाराज होकर निकली थी छात्रा

Delhi Crime: चलती बस में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
दिल्ली में चलती बस में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार।

नई दिल्ली/अमर भारती। देश की राजधानी दिल्ली में नाबालिग छात्रा से चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा को बस में बैठाने के बाद उसके साथ दरिंदगी की। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसे कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त किया है।

मां की डांट से नाराज होकर निकली थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त को अपनी मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए नोएडा के लिए निकल गई थी। रात में भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह रास्ता भटक गई और परी चौक पर उतर गई। नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए छात्रा ने एक स्लीपर बस को रुकवाकर रास्ता पूछा। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 पहुंचाने की बात कही और बस में बैठा लिया। उसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

बस में कोई दूसरी सवारी नहीं थी

बस में बैठने के बाद छात्रा को पता चला कि उसमें कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था। आरोप है कि बस के आगे बढ़ते ही कंडक्टर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद चालक और कंडक्टर पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर चलती बस में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। करीब 47 किलोमीटर तक बस चलती रही और इस दौरान छात्रा कथित तौर पर आरोपियों के चंगुल में रही।

कश्मीरी गेट के पास सड़क पर छोड़ा

वारदात के बाद आरोपियों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी की देखरेख में गठित टीम ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया गया।

AI Image

आरोपियों की पहचान चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

निर्भया कांड की याद, फिर सवालों में दिल्ली की सुरक्षा

राजधानी में सामने आई इस वारदात ने एक बार फिर महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली में 2012 के निर्भया कांड के बाद सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई स्तरों पर बदलाव और सुरक्षा उपाय किए गए थे। इसके बावजूद चलती बस में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन में निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खास तौर पर यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पीड़िता ने मदद के लिए बस को रोका था। ऐसे में सवाल उठता है कि सार्वजनिक परिवहन में नाबालिगों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पूरी तस्वीर सामने आएगी। (Amar Bharti)

एक नज़र इन पर भी डालें

दिल्ली SIR: 1.45 करोड़ में से 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर

IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा: अखिलेश यादव ने ईमानदार अधिकारियों को काम नहीं करने देने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *