महेशपुर पोस्टिंग पर ट्रांसफर के लिए ले रहा था रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ की एंटी करप्शन टीम ने डीएफओ नार्थ खीरी कार्यालय में तैनात बाबू विक्रांत नेगी को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बाबू विक्रांत नेगी ने वनकर्मी इंदल सिंह से तबादला कराने के नाम पर 12 हजार रुपये की मांग की थी। इंदल सिंह दुधवा नेशनल पार्क से महेशपुर पोस्टिंग पर ट्रांसफर चाहता था, जिसके लिए उसने डीएफओ नार्थ कार्यालय में आवेदन भी किया था।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और बिलोवी हाल के पास रिश्वत लेते समय आरोपी को दबोच लिया। टीम ने मौके से ही आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं इस मामले में डीएफओ नार्थ कीर्ति चौधरी का कहना है कि ट्रांसफर से संबंधित कोई भी आवेदन उनके संज्ञान में नहीं आया था। फिलहाल एंटी करप्शन टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।