जयपुर में खौफनाक हत्याकांड: सुबह पिलाई दादा-दादी को चाय, दोपहर में तीन बेटियों के साथ मां की हत्या, पिता पर लगा आरोप

जयपुर के करधनी में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या से सनसनी। पिता राहुल झा पर आरोप, वारदात के बाद बुजुर्ग पिता को चाय पिलाने की बात सामने आई।

जयपुर करधनी में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का मामला
जयपुर करधनी में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का मामला

नई दिल्ली/एक्सपोज इंडिया। जयपुर के करधनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला और उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि चारों की हत्या देर रात उस समय की गई, जब वे सो रही थीं। इस मामले में महिला के पति और तीनों बेटियों के पिता राहुल झा पर हत्या का आरोप है। वारदात के बाद से वह फरार बताया जा रहा है।

एक घर में मिलीं चार लाशें

मामला जयपुर के करधनी इलाके की गोविंद वाटिका का है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को एक घर में चार लोगों की हत्या की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, पहली मंजिल के एक कमरे में राहुल झा की पत्नी गीता झा का शव मिला। इसके बाद ग्राउंड फ्लोर के अलग-अलग कमरों में तीन बेटियों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय नंदिनी, 18 वर्षीय राधिका और 14 वर्षीय गौरी के रूप में हुई है। चार लोगों की हत्या की खबर सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर सबूत जुटाने शुरू किए।

सोते समय हमला करने का आरोप

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्या की वारदात देर रात हुई। पुलिस के अनुसार, चारों मृतक उस समय सो रहे थे। आरोप है कि राहुल झा ने पत्थर से पत्नी और बेटियों पर हमला किया। चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से एक पत्थर भी मिला है, जिसे कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य जानकारी के आधार पर पूरी घटना की टाइमलाइन तैयार कर रही है।

हत्या के बाद पिता को पिलाई चाय!

इस मामले में पुलिस जांच के दौरान सामने आया कथित घटनाक्रम बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी राहुल झा सुबह करीब 7 बजे दूध लेने गया। इसके बाद वह घर वापस आया और अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई। आरोप है कि उसने अपने पिता को चाय पिलाई और इसके बाद घर से निकल गया। बाद में वह फरार हो गया।

यानी जिस घर में कुछ घंटे पहले चार लोगों की हत्या का आरोप है, उसी घर में सुबह आरोपी के सामान्य तरीके से चाय बनाने और पिता को पिलाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए अलग-अलग सुरागों को जोड़ रही है।

शेयर ट्रेडिंग करता था राहुल झा

जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था। राहुल की पत्नी गीता झा घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं। वहीं बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। पुलिस अब परिवार की आर्थिक स्थिति, आपसी संबंधों और हाल के घटनाक्रमों की भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हत्या की वजह का पता लगाया जा सके।

तीन दिन पहले 25 हजार रुपये उधार लेने की जानकारी

पुलिस जांच में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन दिन पहले राहुल झा ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बना रही है। क्या राहुल आर्थिक दबाव में था? क्या शेयर ट्रेडिंग में उसे नुकसान हुआ था? क्या परिवार में कोई विवाद चल रहा था? या फिर हत्या के पीछे कोई दूसरी वजह थी? इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं।

फिलहाल पुलिस आर्थिक परेशानी, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी राहुल झा की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह और वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। (amar bharti)

यहां भी पढ़ें-

BRICS Business Forum में PM मोदी का बड़ा संदेश, 10 ट्रेड बैरियर हटाने पर जोर

Barrier-Free-Tolling-2027: मार्च 2027 तक बैरियर-फ्री टोलिंग लागू होने की उम्मीद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *