पुलिस को कहीं और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, महिला के शरीर पर खरोंच और चोट के निशान

डिजिटल डेस्क, कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में मथुरा-बरेली बाईपास पर बुधवार सुबह करीब 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव कायमपुर-बहेड़िया के सामने सुरेंद्र के बाग के पास मिला। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां फेंका गया है। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कासगंज में अज्ञात महिला का शव देखकर युवकों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:45 बजे कुछ युवक हाईवे पर दौड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े महिला के शव पर पड़ी। युवकों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ओम प्रकाश सिंह, एएसपी आलोक सिंह और सीओ सिटी आंचल चौहान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

महिला के शरीर पर मिले चोट और खरोंच के निशान
प्रारंभिक जांच में मृतका की गर्दन के दाहिनी तरफ नाखून से खरोंच के निशान मिले हैं। इसके अलावा नाक के बाईं ओर चोट के निशान भी पाए गए। महिला के मुंह से तरल पदार्थ निकल रहा था।
इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
हाथ में मिली बडवाइजर बीयर की कैन, बारकोड से मिला सुराग
घटनास्थल पर सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका के बाएं हाथ में बडवाइजर कंपनी की बीयर की कैन मिली। पुलिस ने कैन के बारकोड की जांच की तो पता चला कि इसे बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र के शहबाजपुर स्थित ठेके से खरीदा गया था।
इस जानकारी को जांच के अहम सुराग के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, बीयर की कैन कहां और किसने खरीदी थी, इस संबंध में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
कपड़ों और आसपास मिले सामान से पहचान की कोशिश
मृतका ने गर्म कुर्ता, काली पाजामी और नीला दुपट्टा पहना हुआ था। उसके हाथ में ‘द्वारकाधीश’ लिखा कलावा मिला। घटनास्थल के पास से एक पर्स, प्रसाद और पानी की बोतल भी बरामद हुई है।

मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच की और अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों और सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा की गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान का इंतजार
कासगंज में अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सामान, बीयर की कैन के बारकोड और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल मृतका की पहचान और उसकी मौत की असली वजह सामने आना बाकी है। (Amar Bharti)
एक नज़र इन पर भी डालें
सपा-कांग्रेस यूपी में सीट बंटवारे पर आमने-सामने, 26 बनाम 130 सीटों पर चर्चा
6 साल बाद BJP-अकाली दल गठबंधन की वापसी, 2027 का पंजाब चुनाव साथ लड़ेंगे