NEET Re-Exam 2026: नागपुर के छात्र को NTA ने दिया अबूधाबी परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड में भारी गड़बड़ी

NEET Re-Exam 2026: नागपुर के छात्र को NTA ने दिया अबूधाबी परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड में भारी गड़बड़ी

NEET पुनर्परीक्षा से पहले नागपुर के छात्र को गलती से अबूधाबी परीक्षा केंद्र आवंटित
NTA की बड़ी चूक, नागपुर के छात्र को भारत की बजाय यूएई के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित

नई दिल्ली/अमर भारती। देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद को परीक्षा केंद्र भारत में देने के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी में आवंटित कर दिया गया। इस घटना के बाद NTA की परीक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

परीक्षा से एक दिन पहले बढ़ी छात्र और परिवार की चिंता

NEET पुनर्परीक्षा में अब केवल एक दिन का समय बचा है। ऐसे में परीक्षा केंद्र से जुड़ी इस गड़बड़ी ने छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। अब्दुल्ला मोहम्मद का कहना है कि उनके पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछली परीक्षा में उनका केंद्र नागपुर में था, लेकिन इस बार अचानक अबूधाबी का केंद्र आवंटित कर दिया गया।

आवेदन में चुने थे नागपुर, वर्धा और भंडारा

छात्र ने आवेदन पत्र में NEET परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को प्राथमिकता के तौर पर चुना था। इसके बावजूद NTA ने सभी विकल्पों को नजरअंदाज करते हुए विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया। इस मामले ने परीक्षा प्रबंधन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब एजेंसी परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने का दावा कर रही है।

कांग्रेस नेता अनीस अहमद ने उठाया मामला

महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने इस मामले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि NTA की इस गलती ने NEET परीक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है और छात्र को तत्काल संशोधित प्रवेश पत्र जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल 24 से 48 घंटे के भीतर पासपोर्ट और वीजा की प्रक्रिया पूरी कर विदेश जाना किसी भी छात्र के लिए संभव नहीं है।

हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद NTA का आश्वासन

छात्र ने इस संबंध में NTA हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि बताया और आश्वासन दिया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। डॉ. अनीस अहमद के अनुसार, NTA अधिकारियों से बातचीत के बाद छात्र को जानकारी दी गई कि शुक्रवार शाम तक उसे नागपुर का NEET परीक्षा केंद्र आवंटित कर नया प्रवेश पत्र जारी कर दिया जाएगा।

नए एडमिट कार्ड का इंतजार

हालांकि NTA की ओर से संशोधित प्रवेश पत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन नया हॉल टिकट मिलने तक छात्र और उसका परिवार मानसिक तनाव में हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एजेंसी समय रहते छात्र को नया NEET एडमिट कार्ड उपलब्ध कराती है या नहीं।

यहां भी पढ़ें-

NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले NTA की देशव्यापी मॉक ड्रिल, 22.79 लाख छात्र होंगे शामिल

AYUSH Enterprise Award: नेपाल में भारत का बढ़ा सम्मान, हाथरस के प्रदीप उपाध्याय को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *