विमान के टॉयलेट में रखे टिशू पेपर पर बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप , मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है

लखनऊ। अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान को शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। विमान के टॉयलेट में रखे टिशू पेपर पर बम से उड़ाने की धमकी लिखी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तत्काल लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए।
लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य जांच टीमों ने विमान की विस्तृत तलाशी ली। हालांकि जांच के दौरान किसी प्रकार की विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।
धमकी भरा संदेश लिखने वाले की तलाश में जुटी एजेंसियां
सूत्रों के अनुसार, विमान के शौचालय में रखे टिशू पेपर पर बम से उड़ाने संबंधी संदेश लिखा हुआ मिला था। इस संदेश के सामने आने के बाद विमान में सुरक्षा को लेकर तत्काल सतर्कता बरती गई। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह संदेश किसने लिखा, कब लिखा गया और इसके पीछे क्या मंशा थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।