आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, दरोगा-बंदी समेत 6 की मौत, 21 घायल

उन्नाव: मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 262 के पास एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। हादसे में एक दरोगा, एक बंदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन सिपाही भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

RoadAccident

हादसे में मृत उपनिरीक्षक रामजी राम और बंदी छत्रपाल सिंह तोमर बिहार के सिवान जनपद से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिवान पुलिस लाइन से पुलिस टीम बंदी छत्रपाल सिंह तोमर को गवाही के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

मृतकों की पहचान विजय गुप्ता, रवि वरन, सूरज जमालाल, पल्लव कुमार, उपनिरीक्षक रामजी राम और छत्रपाल सिंह तोमर के रूप में हुई है। सभी शवों को उन्नाव शवगृह में रखवाया गया है।

डबल डेकर बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश यात्री बिहार के बताए जा रहे हैं। औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अनूप तिवारी ने 6 लोगों की मौत और 21 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। एक महिला यात्री बिंदु देवी को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *