सरकारी विमान में टेकऑफ के दौरान अचानक तकनीकी खराबी, फ्यूल कंट्रोल यूनिट (FCU) में खराबी की आशंका

रिपोर्ट: वाराणसी | प्रवेश सिंह
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम Brajesh Pathak सोमवार को एक बड़े विमान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मुरादाबाद एयरपोर्ट पर उनके सरकारी विमान में टेकऑफ के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद विमान के इंजन से धुआं निकलने लगा। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक संभल और अमरोहा के दौरे पर थे। उन्होंने संभल में भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा “ऑपरेशन सिंदूर” की वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर सिंदूर वाटिका में पौधारोपण किया तथा वेस्ट टू वंडर स्कल्पचर्स का लोकार्पण भी किया। तहसील सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को चेक वितरित किए और सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक भी की।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डिप्टी सीएम मुरादाबाद एयरपोर्ट से सरकारी बीचक्राफ्ट किंग एयर B-200 विमान से लखनऊ लौटने वाले थे। शाम करीब 4 बजे विमान ने टेकऑफ की तैयारी शुरू की, लेकिन रनवे पर बढ़ते ही उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल डिप्टी सीएम को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में फ्यूल कंट्रोल यूनिट (FCU) में खराबी की आशंका जताई जा रही है। वहीं डिप्टी सीएम बाद में सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए।