
सियासत का रोमांच यही है कि आज जो तेरा है कल मेरा हो सकता है, यहां दुश्मन नहीं विरोधी हैं, यहां राजभक्ति है, यहां रावण भी हैं और विभीषण भी हैं, यहां दल हैं तो दलाल भी हैं यानी यहां टिकाऊ कुछ भी नहीं है न नेता और न इनकी बातें. पिछले कुछ सालों में दल बदलने का प्रचलन इतना ज़ोर पकड़ गया जिसे देखकर जनता हैरान रह गई. वोट कहीं और जीतने के बाद नेता कहीं. कांग्रेस के जितिन प्रसाद, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह, टीएमसी के सुभेन्दु अधिकारी सहित कई दलों ने अपने बड़े चेहरे खो दिए. महाराष्ट्र में तो शरद पवार को इतना बड़ा झटका लगा जिसने उनके राजनीतिक अनुभव को भी धता बता दिया. बिहार में चिराग पासवान की पार्टी का दो भागों में बंट जाना. कोई एक उदाहरण हो तो बताया जाए. अब ताज़ा मामला सामने आया है आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का. राघव पर हुई कार्रवाई क्या एक और नेता के अपने दल से टूटने की ओर इशारा कर रही है, समझते हैं…
राघव चड्ढा बनाम आम आदमी पार्टी: सियासी दूरी या रणनीतिक बदलाव?
आम आदमी पार्टी (AAP) के युवा और प्रमुख चेहरों में शामिल राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के फैसले ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है, बल्कि इसे पार्टी के अंदर बदलते समीकरणों के रूप में भी देखा जा रहा है। राघव के बाद सांसद अशोक मित्तल को ये कार्यभार सौंपा गया। राघव चड्ढा जनता से जुड़े कई ऐसे मुद्दे उठा चुके हैं जिन पर शासन और प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और कुछ समय में राघव मीडिया में सुर्खियों में आते चले गए हालांकि अब वे हटाए जाने को लेकर सुर्खियों में हैं. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव और नई रणनीति के तहत यह निर्णय लिया है। हालांकि, इस फैसले के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़िमी है कि क्या यह सिर्फ एक सामान्य फेरबदल है या इसके पीछे गहरे राजनीतिक संकेत छिपे हैं। राघव चड्ढा AAP के उन नेताओं में रहे हैं जिन्होंने कम समय में बड़ी पहचान बनाई। दिल्ली से लेकर पंजाब तक, उनकी सक्रियता और राजनीतिक रणनीति में अहम भूमिका रही है। ऐसे में अचानक इस तरह की कार्रवाई ने उनके भविष्य को लेकर तमाम अटकलों को जन्म दे दिया है।
राघव के उठाए गए मुद्दे –
• बैंकिंग और आम ग्राहकों की समस्या
बैंक चार्जेस, न्यूनतम बैलेंस पेनल्टी और आम ग्राहकों पर बढ़ते वित्तीय बोझ का मुद्दा उठाया।
• डिजिटल पेमेंट और फ्रॉड
ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर क्राइम से लोगों की सुरक्षा को लेकर सख्त कानून की मांग।
• रेलवे और यात्रा सुविधाएं
ट्रेन लेट होना, सफाई और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
• छोटे व्यापारियों की समस्याएं (MSME)
नोटबंदी और GST के बाद छोटे व्यापारियों को हुए नुकसान पर चर्चा की मांग।
• शहरी समस्याएं (Urban Issues)
ट्रैफिक, सीवर, कचरा प्रबंधन और शहरी अव्यवस्था पर सरकार को घेरा।
• युवाओं का माइग्रेशन (Brain Drain)
पढ़े-लिखे युवाओं का विदेश जाना और देश में अवसरों की कमी पर चिंता जताई।
• महिला रोजगार और समान वेतन
महिलाओं को रोजगार के समान अवसर और बराबर वेतन दिलाने पर जोर।
• पेंशन और बुजुर्गों की समस्याएं
वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग।
• ईंधन पर टैक्स कम करने की मांग
पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम कर आम आदमी को राहत देने की बात।
• न्याय व्यवस्था में देरी
कोर्ट केस लंबित रहने और आम आदमी को न्याय मिलने में देरी पर सवाल।
क्या बोले राघव चड्ढा?
इस पूरे घटनाक्रम पर राघव चड्ढा की ओर से प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के फैसलों का सम्मान करते हैं, लेकिन “खामोशी को कमजोरी न समझा जाए”। राघव ने कहा क्या पार्लियामेंट में जनता के मुद्दे उठाना ग़लत है, आम आदमी पार्टी ने पार्लियामेंट को यह सूचित किया कि राघव चड्ढा को पार्लियामेंट में बोलने का मौका न दिया जाए, कहां तक सही है?
सौरभ भारद्वाज की राघव को लेकर प्रतिक्रिया?
इसके उलट सौरभ भारद्वाज ने प्रतिक्रिया दी है. सौरभ ने कहा कि राघव भईया, मैंने आपका वीडियो देखा, हम सब अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और हमने सिर्फ एक ही चीज सीखी है जो डर गया, वो मर गया. हम सबको जनता के मुद्दे सरकार की आँखों में आँख डालकर उठाने थे, पिछले कुछ दिनों में हमने देखा है कि जो भी सरकार के खिलाफ कोई गंभीर मुद्दा उठाता है, सवाल करता है, जनता की बात करता है, उसे सरकार तानाशाही तरीके से सोशल मीडिया पर बैन कर रही है.
उन्होंने कहा चाहे ट्विटर हो, फेसबुक हो या यूट्यूब हर जगह उसे बैन किया जा रहा है. आप नेता ने कहा कि एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, केस लगाए जा रहे हैं. सरकार को संसद में किसी सॉफ्ट पीआर की कोई परवाह नहीं है, क्योंकि संसद में एक छोटी पार्टी को बहुत सीमित समय मिलता है. उन्होंने कहा कि जब भी कोई मुद्दा आता है, जिस पर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते. पिछले कुछ सालों में मैंने देखा है कि आपने संसद में ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया जिसमें आपने प्रधानमंत्री या बीजेपी सरकार से सवाल किया हो. ऐसी निडर राजनीति कैसे चलेगी? पंजाब, जहां से आप आते हैं, उसके मुद्दे उठाने से भी डरते हैं. अभी गुजरात में पार्टी के लगभग 160 कार्यकर्ताओं पर झूठे केस में एफआईआर दर्ज की गई है, कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, लेकिन आप उस पर भी चुप रहते हैं. सोचिए, आप कहां से चले थे और अब कहां आ गए. सौरभ ने आगे कहा कि मेरा मानना है कि देश के लिए हमें असली मुद्दों को हिम्मत और बेखौफ होकर उठाना होगा, बीजेपी की आँखों में आँख डालकर सवाल करने होंगे. वरना आपके सॉफ्ट मुद्दों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि कल से बीजेपी सोशल मीडिया पर आपको सपोर्ट कर रही है. सोचिए, आप कहां से चले थे और अब कहां आ गए हैं, देश को क्या चाहिए और आप उसे बेहतर कैसे बना सकते हैं.
वहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होने कहा कि राघव बीजेपी से इतना डरे हुए क्यों हैं? सवाल क्यों नहीं पूछते? आतिशी ने राघव पर मोदी सरकार पर चुप रहने का आरोप लगाया है. उन्होने कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर खतरे जैसे मुद्दों को राघव ने नहीं उठाया, जब विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ खड़ा था, तब राघव चुप रहे. आम आदमी गैस सिलेंडर के लिए परेशान है लेकिन आप चुप रहे. यही नहीं आतिशी ने कहा कि जब पार्टी सड़क पर संघर्ष कर रही थी तब क्या आप डर के कारण लंदन चले गए थे? आतिशी ने राघव चड्ढा पर डर, चुप्पी और पार्टी लाइन से हटने का आरोप लगाया. आतिशी और सौरभ के बयानों से पार्टी की अंदरूनी कलह साफ़ नज़र आ रही है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह विवाद आगे बढ़ेगा या समय के साथ शांत हो जाएगा। क्या राघव चड्ढा पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रख पाएंगे या AAP में नए नेतृत्व की ओर बदलाव देखने को मिलेगा—इस पर सबकी नजर बनी हुई है हालांकि राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच मौजूदा स्थिति को केवल विवाद कहना जल्दबाज़ी हो सकती है। यह एक रणनीतिक बदलाव भी हो सकता है, लेकिन जिस तरह से यह मुद्दा सामने आया है, उसने राजनीतिक माहौल को जरूर गर्म कर दिया है। कहीं ऐसा तो नहीं आने वाले समय में आम आदमी पाटी के शिंदे बन जाएं राघव चड्ढा. यदि ऐसा हुआ तो आम आदमी पार्टी कैसे करेगी डैमेज कंट्रोल? बड़ा सवाल है.