पेपर लीक सिर्फ नाकामी नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है!: राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट परीक्षा को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. एक्स पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा, ”मैंने नीट 2026 पेपर लीक की ख़बर सुनी. यह अब कोई परीक्षा नहीं रही. नीट अब एक नीलामी बन गई है. परीक्षा से 42 घंटे पहले ही व्हाट्सऐप पर कई सवाल बेचे जा रहे थे.”

उन्होंने आगे कहा कि 22 लाख से ज्यादा बच्चों ने पूरे वर्ष मेहनत की, दिन-रात एक करके पढ़ाई की और एक ही रात में उनका भविष्य सरेआम बाज़ार में नीलाम कर दिया गया. उन्होंने कहा 10 वर्षों के अंदर अबतक 70 पेपर लीक हुए हैं और करीब 48 बार परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करवाना पड़ा है. ये हैरानी की बात है. हर बार वही वादे और फिर वही चुप्पी.

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी आड़े हाथों लिया है. उन्होंने आगे लिखा कि मोदी जी, जब आप हर नाकामी को जनता पर डाल देते हैं, तो उसमें गरीबों के बच्चों का भविष्य भी शामिल हो जाता है. 22 लाख बच्चों का भरोसा टूट गया है और भारत के युवाओं के सपनों के लिए मोदी सरकार से बड़ा कोई ख़तरा नहीं है.

राहुल गांधी ने लिखा, ”मोदी जी, जब आप हर नाकामी को जनता पर डाल देते हैं, तो उसमें गरीबों के बच्चों का भविष्य भी शामिल हो जाता है. 22 लाख बच्चों का भरोसा टूट गया है और भारत के युवाओं के सपनों के लिए मोदी सरकार से बड़ा ख़तरा कोई नहीं है.”

नीट परीक्षा को लेकर छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी निराशा है. कांग्रेस खेमे ने इस मामले को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं ने भी बार-बार होने वाले पेपर लीक मामलों पर सवाल खड़े किए थे. फिलहाल यह मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *