रोटरी क्लब सरकार के साथ मिलकर करेगा शौचालयों का जीर्णोंद्धार, अब स्तन व सर्वाइकल कैंसर की भी हो सकेगी मुफ्त जांच

कार्यक्रम में BLK-Max Hospital को अत्याधुनिक मैमोग्राफी वैन सौंपी गई, गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में होगी पहचान

नई दिल्ली। महिलाओं में स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में BLK-Max Hospital को अत्याधुनिक मैमोग्राफी वैन सौंपी गई। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित होटल ताज पैलेस, धौला कुआँ में आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य, समाजसेवा और रोटरी संगठन से जुड़े कई प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को निःशुल्क मैमोग्राफी और PAP स्मीयर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान की जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर जांच और जागरूकता से इन बीमारियों से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी सोच के साथ रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य को समाज की प्राथमिक आवश्यकता बताते हुए इस प्रकार की पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ाई में जागरूकता और समय पर जांच सबसे प्रभावी हथियार हैं। उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल और BLK-Max Hospital द्वारा किए जा रहे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन एक काम देश के नाम को हमें आगे ले जाना है. अगर देश के 140 करोड़ लोग रोज़ एक काम देश के नाम करेंगे तो यह देश हर रोज़ 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा. उन्होंने रोटरी क्लब के कार्यों को सराहा साथ ही रोटरी क्लब को दिल्ली 800 विद्यालयों के शौचालयों की बेहतरी के लिए सरकार के साथ सहयोग करने की अपील की जिसे अजीत जालान ने सहर्ष स्वीकार किया और भरोसा दिलाया कि रोटरी इसमें भी कोई कमी नहीं छोड़ेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार सरकार के द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं जन-जन तक पहुंचने में मुश्किल दौर से गुज़रती हैं लेकिन सरकार के साथ सहयोग करने वाली संस्थाएं जब कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं तो सरकार के लिए काम और आसान हो जाता है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हम देश के लिए भले ही मर नहीं सकते लेकिन अपनी अपनी जिम्मेदारियों को निभा कर हर रोज़ देश के लिए जी तो सकते हैं.

इस अवसर पर रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 रोटेरियन सीए अजीत जालान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और इस स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। अजीत जालान ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगमन पर आभार व्यक्त किया साथ ही सरकार के साहर संभव सहयोग करने की बात कही. उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब एक लाइफ लाइन है. पोलियो जैसी बीमारी को खत्म करने का जब संकल्प लिया था और आज इसमें कामयाबी मिली है. अब जो जिम्मेदारियां हमें सौंपी जा रही हैं हम उसमें भी कामयाब होंगे ऐसी हमें उम्मीद हैं. इसके साथ ही उन्होनों सभागार में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों का भी आभार व्यक्त किया.

कार्यक्रम के दौरान BLK-Max Hospital को मैमोग्राफी वैन की चाबी औपचारिक रूप से सौंपी गई। इसके बाद अतिथियों ने वैन का निरीक्षण किया और उसमें उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। यह वैन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं की निःशुल्क जांच करेगी, जिससे उन महिलाओं को भी लाभ मिल सकेगा जो नियमित रूप से अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाती हैं।

इस अवसर पर क्लब लीडर्स लर्निंग सेमिनार एवं सेक्रेटरी इलेक्ट लर्निंग सेमिनार का भी आयोजन किया गया। इसमें रोटरी के विभिन्न क्लबों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में रोटरी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, समाजसेवियों, चिकित्सकों तथा विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों ने सहभागिता की।

आयोजकों ने बताया कि यह पहल केवल एक स्वास्थ्य परियोजना नहीं, बल्कि महिलाओं के बेहतर भविष्य और स्वस्थ समाज की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं तक कैंसर जांच की सुविधा पहुंचाने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 का मानना है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *