लखनऊ पुलिस की बड़ी कामयाबी: करीब 21 लाख कीमत के 101 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद

 लोकेशन ट्रेस कर फोन बरामद करने में पाई सफलता, पुलिस टीम की चारों तरफ हो रही सराहना

लखनऊ। राजधानी में गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस की सर्विलांस सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी जोन कार्यालय की सर्विलांस सेल टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कुल 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाने वाले नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशानुसार शहर में नागरिकों के खोेए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में उत्तरी जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों को सर्विलांस पर लगाया गया और उनकी तकनीकी ट्रैकिंग शुरू की गई। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस टीम ने मोबाइल फोनों का लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।

सर्विलांस और क्राइम टीम की मेहनत लाई रंग

पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी एवं अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ट्विंकल जैन के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और क्राइम टीम ने लगातार मेहनत और तकनीकी सर्विलांस के जरिए लखनऊ समेत अन्य जनपदों से विभिन्न कंपनियों के 101 मोबाइल फोन बरामद किए। टीम ने फील्ड वर्क और तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल धारकों तक पहुंच बनाई और मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से कब्जे में लिए।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

रविवार को बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल नदीम, हेड कांस्टेबल अवधेश गिरी, अमित कुमार गौतम, संतोष कुमार, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, विशेष दुहूण शामिल रहे।

FacebookEmailXShare

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *