
नई दिल्ली: मंगलवार का दिन NEET छात्रों के मंगलकारी नहीं रहा. सालों से तैयारी कर रहे छाओं को उस वक्त झटका लगा जब उन्हें पता चला की NEET 2026 की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक 3 मई को परीक्षा आयोजित की गई थी लेकिन पेपर लीक की खबरों के सामने आने के बाद इस परीक्षा को रद्द घोषित कर दिया गया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा कि केन्द्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने जानकारी दी है NEET की इन परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा। परीक्षा की तारीखें और एडमिट कार्ड का शेड्यूल आधिकारिक चैनलों के जरिए जारी किया जाएगा.
एनटीए ने एक्स पर लिखा है, “भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी.”

इसके साथ ही एनटीए ने जानकारी दी की छात्रों को दोबारा परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी तरह के रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. यही नहीं पहले से जमा की गई फीस भी छात्रों को वापस कर दी जाएगी. एनटीए का कहना है कि आगामी परीक्षा वह अपने संसाधनों से आयोजित करवाएगा हालांकि परीक्षा कब होगी इसकी कोई जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है.
NEET UG 20204 पेपर लीक
इससे पहले 5 मई 2024 में भी नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ था जिसके चलते कुछ सेंटर्स पर परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं हालांकि 6 मई को NTA ने पेपर लीक होने को ही नकार दिया था. इसके बाद बिहार के पटना और झारखंड के हजारीबाग में जांच हुई जिसमें पेपर लीक के सबूत पाए गए. इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद कई लोगों की गिरफ्तारियां भी हुई थीं. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था, कुछ सेंटर पर 1539 कैंडिडेट्स की दोबारा परीक्षा हुई थी। पेपर लीक के आरोपों के अलावा, 67 छात्रों को 720/720 अंक मिलना और एक ही केंद्र से कई टॉपर्स का आना भी बड़े विवाद का कारण बना था।