वाराणसी में आधी रात चला बुलडोजर, 200 वर्ष पुरानी अजगैब शहीद मस्जिद ध्वस्त

रेलवे की भूमि पर बने ढांचे को हटाने की कार्रवाई, न्यायालय का निर्णय प्रशासन के पक्ष में आने के बाद कार्रवाई

वाराणसी । काशी के राजघाट स्थित भदऊ चुंगी क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग 200 वर्ष पुरानी अजगैब शहीद मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए क्षेत्र को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया था।

जानकारी के अनुसार, काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना के तहत रेलवे की भूमि पर बने ढांचे को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन का दावा है कि मस्जिद रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित थी और मामले में न्यायालय का निर्णय प्रशासन के पक्ष में आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान लगभग 42 फीट ऊंचे ढांचे को गिराने के लिए पांच बुलडोजरों को लगाया गया। मौके पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहे। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के सभी प्रमुख मार्गों को सील कर दिया गया था तथा लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान जेसीपी काशी शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई देर रात से लेकर तड़के तक चली और प्रशासन ने इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का दावा किया।

प्रशासन का कहना है कि मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना के लिए भूमि को खाली कराया जा रहा है, जबकि इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *