वाराणसी: राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के भव्य काफिले पर उठे सवाल, PM के निर्देशों की उड़ी धज्जियां

VIP संस्कृति और ईंधन बचत के बीच संतुलन कैसे बनेगा, हंसराज विश्वकर्मा पहली बार वाराणसी का दौरा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार में राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद हंसराज विश्वकर्मा के पहली बार वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

मंत्री के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और वाहनों का काफिला भी सड़कों पर देखने को मिला। कई स्थानों पर चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं, जिससे शहर में राजनीतिक उत्साह का माहौल बना रहा। समर्थकों ने इसे पार्टी और मंत्री के प्रति जनता के उत्साह का प्रतीक बताया।

हालांकि, इस भव्य स्वागत समारोह के बीच गाड़ियों के बड़े काफिले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi समय-समय पर ईंधन बचाने, कार पूलिंग को बढ़ावा देने और अनावश्यक सरकारी काफिलों को सीमित रखने की अपील करते रहे हैं। ऐसे में मंत्री के स्वागत में उमड़ी वाहनों की भीड़ को लेकर स्थानीय लोगों और राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं।

शहर में इस आयोजन को लेकर समर्थकों और विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं आमजन के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि वीआईपी संस्कृति और ईंधन बचत के संदेश के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *