होमगार्ड परीक्षा 2026: डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता व सुरक्षा पर जोर

सीसीटीवी, कंट्रोल रूम व स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाएं परखी; लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

उन्नाव, 25 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अटल बिहारी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मोती नगर, राजकीय इंटर कॉलेज चमरौली और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नवाबगंज का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के संचालन, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने मौके पर उपस्थित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता हर हाल में बरकरार रखी जाए।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह सहित संबंधित अधिकारी और प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *